भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार देर शाम अपने पद से इस्तीफे का एलान कर दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजी गई चिट्ठी में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए कहा कि अपनी देखभाल को प्राथमिकता देने के लिए वे भारत के उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। धनखड़ के अचानक अपने कार्यकाल के मध्य में इस्तीफा देने के बाद से अब अगले उपराष्ट्रपति को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। धनखड़ ने इस्तीफे पर पुनर्विचार करने से भी इंकार कर दिया है l ऐसे में बड़ी तेजी से राजनैतिक गलियारे में एक चर्चा चल पड़ी है कि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को अगला उपराष्ट्रपति बनाया जा सकता है l इस बात में कितनी सच्चाई है यह तो वक्त आने पर ही पता चलेगा l