जब दुल्हन ने दूल्हे की बजाय प्रेमी को ही पहना दी वरमाला
परासिया से आई बारात पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ मुजावर गांव पहुंची थी। स्वागत, आतिशबाजी और भोजन के बाद जैसे ही वरमाला की रस्म शुरू हुई, दूल्हा मंच पर खड़ा इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दुल्हन को मंच पर लाया गया, लेकिन उसने अचानक दिशा बदलते हुए पंडाल में मौजूद अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। इतना ही नहीं, वह उससे लिपट भी गई। यह नजारा देखकर पंडाल में सन्नाटा छा गया।वधु पक्ष के लोगों ने गुस्से में आकर युवती और उसके प्रेमी की पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख दूल्हे ने तुरंत विवाह से इंकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। घटना के बाद वर पक्ष ने उमरेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। परासिया क्षेत्र में इस तरह की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले खिरसाडोह में भी फेरे के दौरान दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया था, जिससे दूल्हा बिना दुल्हन के लौट गया था।


