भोपाल l संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र का यह पावन पर्व केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा का उत्सव है। हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और भारत एक संपूर्ण गणतांत्रिक राष्ट्र बना। यह दिन हमें हमारे अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का स्मरण कराता है। हमारा संविधान विश्व के सबसे बड़े विशाल लोकतंत्र की आधारशिला है। यह हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का मार्ग दिखाता है। यह हमें सिखाता है कि विविधताओं से भरे इस देश में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। आज हम कृतज्ञ भाव से उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हैं, याद करते हैं, जिनके त्याग और बलिदान से हमें स्वतंत्र भारत का स्वर्णिम अवसर मिला है। हम उन वीर सैनिकों को भी श्रद्धा से याद करते हैं जो सीमाओं पर डटे रहकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनके साहस के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में अपने सपनों को साकार कर पा रहे हैं। 

राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। आइए, आज हम संकल्प लें कि संविधान के आदर्शों का पालन करेंगे। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाएंगे। स्वच्छता शिक्षा सद्भाव और विकास की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और एक सशक्त आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।