प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया
गणतंत्र दिवस का पर्व जिला मुख्यालय पुलिस लाईन मैदान मंडला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने गणतंत्र दिवस के समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर (झंडा वंदन) किया और राष्ट्रगान गाया। उन्होंने परेड निरीक्षण कर मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया। उन्होंने हर्षफायर, मार्चपास्ट एवं परेड की सलामी ली। इस अवसर पर पुलिस बैंड द्वारा जन-गण-मन की धुन प्रस्तुत की गई और मध्यप्रदेश गान हुआ। इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने सफेद, केसरिया एवं हरे रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़े। समारोह में शामिल सभी दलों ने हर्ष फायर के पश्चात् अपने सधे कदमों से शानदार मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। मंच के सामने से गुजरते हुए इन दलों ने राष्ट्रभक्ति, एकता और अनुशासन का संदेश दिया। प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल को सभी दलों के कमांडरों ने अपना परिचय दिया।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र सुरक्षा बल, होमगार्ड, एनसीसी, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, पुलिस बैंड मंडला, सीनियर एनसीसी रानी अवंती बाई, स्काऊट मॉन्टफोर्ट स्कूल, रेडक्रॉस सोसायटी, स्काऊट ज्ञानदीप स्कूल, नगर रक्षा समिति के द्वारा परेड की गई।मॉन्टफोर्ट विद्यालय के विद्यार्थियों के द्वारा बैंड पर सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा गीत गाया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति (संचार व संकर्म) श्री शैलेष मिश्रा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, श्री सचिन जैन और श्री संस्कार बावरिया सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
देशभक्ति और लोकगीत पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए:-
गणतंत्र दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और लोकगीत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं के कार्यक्रमों ने उपस्थित जन समुदाय का मनमोह लिया। तालियों की आवाज से पूरा पुलिस लाईन मैदान झूम उठा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। जिसमें रानी अवंती बाई स्कूल को प्रथम, ज्ञानदीप इग्लिश मीडियम स्कूल और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को द्वितीय तथा भारतज्योति विद्यालय को तृतीय और एकीकृत हाईस्कूल वरिष्ठ मूलशाला मंडला को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में प्रस्तुत परेडों में जिला पुलिस बल मंडला को प्रथम, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को द्वितीय और विशेष सशस्त्र बल मंडला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार से अनआर्म्ड प्लाटून के तहत सीनियर डिविजन आरडी कॉलेज मंडला को प्रथम, पुलिस बैंड मंडला को द्वितीय और वन विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। एनसीसी एवं स्काऊट गाईड में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानी अवंती बाई को प्रथम, महाराजपुर क्रमांक-2, मोंटफोर्ट को द्वितीय तथा जूनियर डिविजन एक्सीलेंस स्कूल मंडला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अन्य प्लाटून में सौर्य दल प्रथम, रेडक्रॉस द्वितीय और नगर रक्षा समिति को तृतीय स्थान मिला।प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारी को प्रमाण पत्र वितरित किए।
विभागीय झाकियाँ आकर्षण का केन्द्र रही:-
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभागों के द्वारा शासन की योजनाओं पर आधारित झाकियाँ निकाली गई। प्रस्तुत की गई झाकियों में विभागों के द्वारा विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों के बारे में बताया गया। गणतंत्र दिवस पर जिला पुलिस बल मंडला, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, वन विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग, जिला पंचायत म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, रेशम विभाग, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के द्वारा झाकियाँ प्रस्तुत की गई। उक्त झाकियों को उपस्थित समुदाय ने देखा और अवलोकन किया। प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने प्रस्तुत झाकियों में जल संसाधन विभाग को प्रथम, पुलिस विभाग मंडला को द्वितीय और किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरूस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय और श्रीमती प्रीति दुबे ने किया।
लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया
26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह में जिले के लोकतंत्र सेनानियों को प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल द्वारा शॉल, श्रीफल एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।



