अनूपपुर। मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि अमरकंटक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा पर्यटन दृष्टि से तीर्थराज के रूप में विख्यात है। यहीं से मां नर्मदा का उद्गम होता है तथा मां नर्मदा का मध्य प्रदेश में असीम कृपा है और जहां-जहां मां नर्मदा प्रवाहित हुई हैं, वहां धन, धान्य और समृद्धि की कमी नहीं रही। राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। हमारी डबल इंजन की सरकार की नीति और नियत दोनों ही पूर्णतः पारदर्शी हैं। राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल शनिवार को 70 वें मध्य प्रदेश स्थापना दिवस एवं देवउठनी एकादशी के अवसर पर अमरकंटक में आयोजित मां नर्मदा की महाआरती एवं दीपोत्सव पर्व को संबोधित कर रहे थे।

राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने सभी नागरिकों को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस एवं देवउठनी एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मैं मां नर्मदा से प्रार्थना करता हूं कि उनकी कृपा सभी पर बनी रहे। श्री जायसवाल ने कहा कि जिस प्रकार वाराणसी में मां गंगा और हरिद्वार में भगवान हरि की आरती भव्य स्वरूप में संपन्न होती है, उसी तरह अमरकंटक में मां नर्मदा की महाआरती को भी वृहद और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमरकंटक धार्मिक एवं पर्यटन नगरी दोनों ही रूपों में प्रसिद्ध है। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालु मां नर्मदा की महा आरती के अलौकिक दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करें। इसके लिए जिला प्रशासन को विशेष पहल करनी चाहिए। राज्य मंत्री ने जिला प्रशासन के इस दीपोत्सव कार्यक्रम की सराहना भी की।

मां नर्मदा महाआरती आस्था और आध्यात्मिकता का प्रतीक- कलेक्टर

कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि आज का दीपोत्सव कार्यक्रम एवं मां नर्मदा की महाआरती आध्यात्मिक और अलौकिक अनुभव का प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया कि वे आगे आकर नर्मदा तट पर इसी प्रकार की भव्य महाआरती के आयोजन में सहभागिता करें तथा उन्होंने सभी नागरिकों से अपील किया कि मां नर्मदा की महाआरती से आम लोग जुड़े। कलेक्टर श्री पंचोली ने बताया कि मां नर्मदा घाट का विकास प्रसाद योजना के तहत किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत झूला पुल का निर्माण एवं घाट का वृहद रूप से सौंदर्यीकरण कराया गया है, ताकि श्रद्धालु बेहतर सुविधाओं के साथ आराधना कर सकें। कार्यक्रम को अध्यक्ष अमरकंटक संत मंडल महामंडलेश्वर श्री स्वामी रामभूषण दास जी महाराज ने भी संबोधित किया।

51 हजार दीपों से जगमगाया मां नर्मदा घाट

70वें मध्य प्रदेश स्थापना दिवस एवं देवउठनी एकादशी के अवसर पर अमरकंटक के मां नर्मदा नदी के उत्तर एवं दक्षिण तट पर 51 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। दीपों की मनोहर रौशनी से पूरा नर्मदा घाट दिव्य, भव्य एवं अलौकिक आभा से आलोकित हो उठा। इस अवसर पर भगवान राम तथा उनका धनुष-बाण, मध्य प्रदेश का नक्शा और विविध आकर्षक रंगोलियों का सृजन कर घाट को विशेष रूप से सजाया गया। श्रद्धा, संस्कृति और सौंदर्य का संगम बना यह आयोजन जन-भागीदारी और नर्मदा आराधना की भावना को और सशक्त करने वाला सिद्ध हुआ।

मां नर्मदा की महाआरती से अमरकंटक हुआ नर्मदामय

70वें मध्य प्रदेश स्थापना दिवस एवं देवउठनी एकादशी के अवसर पर अमरकंटक में मां नर्मदा की भव्य महाआरती वैदिक स्वास्तिवाचन के साथ संपन्न हुई। आरती में मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं पुजारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां नर्मदा की आरती की। दीपों की रौशनी और मंत्रोच्चार से सम्पूर्ण अमरकंटक का वातावरण नर्मदामय और आध्यात्मिक हो उठा। मां नर्मदा की आरती में सभी नागरिकों ने सहभागिता कर भक्ति, श्रद्धा और सौहार्द का अनूठा संदेश दिया। आरती के दौरान घाट पर भव्य दीपोत्सव का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए अलौकिक और अविस्मरणीय बन गया।

राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल एवं कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने महामंडलेश्वर राम भूषण दास जी महाराज, शांति कुटी आश्रम,स्वामी जगदिशानंद जी कल्याण आश्रम,नर्मदानंद गिरी जी महाराज गीता स्वाध्याय आश्रम,स्वामी महेश चेतन्य जी तुरीय आश्रम,अखिलेश्वर दास कामदगिरि आश्रम योगेश जी मृत्युंजय आश्रम, रामनरेश जी शास्त्री मार्कण्डेय आश्रम, माँ नर्मदा मंदिर पुजारी नीलू महाराज, बंटी महाराज, वंदे महाराज एव समस्त संत मंडल सहित अमरकंटक क्षेत्र के अन्य पूज्य संतों एवं मां नर्मदा मंदिर के पुजारियों का सम्मान किया। उन्होंने संतजनों को साल एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन व्यक्त किया। यह सम्मान समारोह श्रद्धा, परंपरा और संस्कृति के सम्मान का प्रतीक बना, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा आयोजन की नोडल अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम,जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम,विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पूरी, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पाण्डेय विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि गण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य,शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं, स्थानीयजन,बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।