सागर l किसान भाई प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर आर्थिक रूप से समृद्ध बने, डीएपी के स्थान पर एनपीके का उपयोग करें एवं खाद्य उर्वरक वितरण केन्द्रों पर किसान भाइयों से समन्वय के साथ वितरण होगा साथ ही खाद उर्वरक की कालाबाजारी करने वालों एवं नकली बीज बेचनों वालों की सूचना दें, कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उक्त विचार कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने अभिनव पहल करते हुए जिले की किसान संघों के पदाधिकारियों से उनकी समस्याओं को सुनते हुए व्यक्त किए।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर के द्वारा लगातार अभिनव पहल की जा रही है इसी परिपेक्ष में उन्होंने किसान संघों के पदाधिकारी एवं किसान भाइयों से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उनकी समस्याएं सुनी एवं तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों के समन्वय के साथ ही खाद उर्वरक का वितरण किया जाएगा एवं संपूर्ण जानकारी किसान भाइयों के संघ पदाधिकारियों को पूर्व से दी जाए जिससे कि समन्वय एवं शांति के साथ खाद वितरण हो सके। कलेक्टर ने कहा कि सभी किसान भाई प्राकृतिक खेती जैविक खेती के लिए आगे आए एवं उसका उत्पादन करें, जैविक खेती के माध्यम से आप सभी आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे और स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। उन्होंने कहा कि आपकी सभी समस्याओं को तत्काल दूर किया जाएगा किसान संघ के पदाधिकारियों के द्वारा बताया गया कि खाद उर्वरक वितरण केन्द्रों पर अतिरिक्त काउंटर बढ़ाए जाएं जिस पर कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी खाद वितरण केंद्र पर अतिरिक्त काउंटर बनाएं जिससे कि किसान भाइयों को परेशानी का सामना न करना पड़े और साथ में कहा कि खाद उर्वरक की उपलब्धता के अनुसार टोकन वितरण किया जावे और खाद का वितरण प्रातः काल से ही शुरू किया जाए।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कहा कि किसान भाई खाद यूरिया, डीएपी के स्थान पर एनपीके का उपयोग करें यह एनपीके डीएपी के बराबर ही फसलों को फायदा देगा। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से कहा कि आप एक व्हाट्सएप ग्रुप तैयार करें जिसमें किसान भाइयों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनको दूर करें और किसान भाइयों की वीडियो बनाकर उसमें शेयर करें। उन्होंने कहा कि सभी विकासखण्डों में मिट्टी परीक्षण केन्द्रों को और अपडेट करें और सभी विकासखण्डों में 50-50 एकड़ की मिट्टी का सैंपल लेकर मिट्टी की जांच करें जिससे कि किसान भाइयों को समय पर मिट्टी परीक्षण की जांच उपलब्ध हो सकेगी और वह उसी के अनुसार अपनी बुआई कर सकेंगे।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से आप सभी को सम्मान राशि प्रदान की जाती है। राशि परिवार के मुखिया को प्रदान की जाती है किंतु अनेक किसान भाइयों को यह सम्मान निधि की राशि उनके बैंक खाता एवं ईकेवाईसी न होने के कारण प्रदान नहीं हो पा रही है। उन्होंने सभी किसान भाइयों से अपील की कि सभी अपने-अपने बैंक खाते में डीबीटी कराएं एवं केवाईसी भी कराएं। किसान भाइयों ने मिट्टी परीक्षण, बिजली की समस्या,  खाद उर्वरक, बीज की गुणवत्ता युक्त उपलब्धता, बैंकों से संबंधित समस्या की जानकारी दी जिस पर कलेक्टर के द्वारा सभी समस्याओं को तत्काल निराकृत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सभी विकासखण्डों में किसान भाइयों की कार्यशाला आयोजित की जावे जिसमें किसान पदाधिकारी के साथ क्षेत्र के किसान भाइयों को आमंत्रित किया जाए एवं उनको सभी प्रकार की जानकारी प्रदान की जावे। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार माह में एक दिन कृषि वैज्ञानिकों एवं किसी अधिकारियों के माध्यम से फेसबुक लाइव भी की जावे जिसमें उनकी समस्याओं का निराकरण हो सके। उन्होंने सभी विकासखण्डों में कृषि एंबेसडर बनाने के भी निर्देश दिए जिनके माध्यम से सभी किसान भाइयों को सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना एक बगिया मां के नाम के अंतर्गत आप सभी अपने-अपने क्षेत्र में फ्रूट फॉरेस्ट के तहत फलदार पौधों का रोपण करें। उन्होंने कहा कि फलदार पौधे लगाने के लिए आपको सभी आवश्यकताएं पूरी की जाएगी फलदार पौधे लगाने से आप सभी आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि आप फलदार पौधे लगाए एवं उनको संरक्षित करें बाकी प्रशासन आपके लिए सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि जिले में फलदार पौधे लगाने के लिए 10 लाख पौधे का लक्ष्य रखा गया है।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने किसान भाइयों से अपील की कि नवाई प्रबंधन के लिए आप सभी अपने-अपने क्षेत्र में हैप्पी सीडर, सुपरसीडर का उपयोग करें जिससे कि वायु प्रदूषण नहीं होगा और जमीन की उत्पादन क्षमता भी खराब नहीं होगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए की सभी उपज मंडियों में सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी की जावे एवं सभी मंडियों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध की जाए।

पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल ने किसान संघ के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनी एवं उनके निराकरण करने के लिए निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी किसान भाइयों से कहा कि आप सभी पुलिस का सहयोग करें। आपकी समस्याएं दूर होगी। उन्होंने कहा कि आपके द्वारा आपके क्षेत्र की जो भी समस्याएं होंगी उनको दूर किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि उपसंचालक श्री राजेश त्रिपाठी, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक श्री के एस यादव, श्री आशीष त्रिपाठी सहित अन्य कृषि अधिकारियों के द्वारा जानकारी दी गई।

इस अवसर पर श्री धीरज सिंह ठाकुर, श्री सत्यजीत सिंह, श्री राजेश सैनी, श्री रणवीर सिंह, श्री मुन्नू पाराशर, श्री जितेंद्र राजपूत, श्री कुमार रामधर सिंह, डॉ. राजकुमार लोधी, रजनीश ठाकुर, जंग बहादुर सिंह, रघुराज सिंह तोमर, संदीप ठाकुर, नारद यादव, प्रीति पाल सिंह ठाकुर, सीताराम ठाकुर, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं किसान संघों के पदाधिकारी मौजूद थे।