गुना l डोंगरी गांव में स्थित वर्षों पुराना विशाल तालाब रविवार की रात को हुई वर्षा में अचानक फूट गया। जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। करीब 80 बीघा भूमि में फैला यह तालाब लंबे समय से सिंचाई और पशुओं के पानी का मुख्य स्रोत था। देखते ही देखते तालाब का पानी आसपास के खेतों, रास्तों और कुछ कच्चे मकानों में जा घुसा। किसानों की फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। सोयाबीन, मक्का की बोवनी हाल ही में की गई थी, जो पानी भरने से खराब होने की आशंका है। तालाब की पाल कई वर्षों से कमजोर थी। जलस्तर बढ़ने से दबाव नहीं झेल सकी। भारी बारिश के चलते गोपीकृष्ण सागर डैम में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को डैम में बढ़ती जल आवक को देखते हुए चार फ्लड गेट खोल दिए गए हैं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल स्वयं मौके पर पहुंचे और डैम का गहन निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए l