MP - हिस्ट्रीशीटर के घर फायरिंग, घायल का अस्पताल तक पीछा कर बदमाशों ने फिर चलाई गोली,इमरजेंसी गेट पर भी गोली चलाई, इलाके में दहशत
भोपाल l पुलिस के अनुसार कुख्यात बदमाश लल्लू रईस शंकर गार्डन इलाके में रहता है। आज सुबह करीब 7-8 बदमाश उसके घर पर हमला करने पहुंचे और पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर उसका बेटा इमरान बाहर आया, तभी बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।घायल इमरान को परिजन इलाज के लिए तुरंत हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हमलावर यहीं नहीं रुके। बदमाश उनका पीछा करते हुए अस्पताल परिसर तक पहुंच गए। जैसे ही इमरान इमरजेंसी वार्ड के गेट से अंदर जा रहा था, बदमाशों ने उस पर फिर से फायरिंग कर दी। हालांकि इस बार गोली इमरजेंसी गेट के कांच में जा लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है इस फायरिंग की घटना को बदमाश शादाब और उसके साथियों ने अंजाम दिया है।पुलिस ने मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


