इंदौर l मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने अभी हाल ही में एक याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमे शाहबानो बेगम की बेटी ने हिंदी फिल्म ‘हक़’ की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर की गई थी। यह फिल्म प्रसिद्ध शाहबानो केस से प्रेरित है, जो 1985 में मुस्लिम तलाकशुदा महिलाओं के हक़ से जुड़ा एक ऐतिहासिक फैसला था। 

शाहबानो बेगम की बेटी सिद्दीका बेगम खान का आरोप था कि यह फिल्म उनके परिवार की सहमति लिए बिना बनाई गई है और इसमें उनकी दिवंगत मां के निजी जीवन को गलत तरीके से दर्शाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि फिल्म उनके परिवार की निजता का उल्लंघन करती है और उनकी मां की छवि का व्यावसायिक शोषण किया जा रहा है। इंदौर बेंच के जस्टिस प्रणय वर्मा ने याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा या निजता उसके जीवन के साथ ही समाप्त हो जाती है, इसे किसी चल या अचल संपत्ति की तरह विरासत में नहीं पाया जा सकता। अदालत ने कहा कि मृत व्यक्ति के निजी जीवन पर आधारित सामग्री पर कानूनी वारिसों की सहमति अनिवार्य नहीं है।