तुम मर जाओगी तो 35 लाख का कर्ज माफ हो जाएगा
सतना जिले से सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-10, संत नगर बगहा में एक पति ने पत्नी के नाम पर करीब 35 लाख रुपये का लोन लेने के बाद कर्ज चुकाने से बचने के लिए उसकी जान लेने की कोशिश की। आरोपी पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर फिनाइल की गोलियां पीसकर पानी में मिलाकर जबरन पिला दी।
घटना के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने तुरंत उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच सकी। पीड़िता पूर्णिमा त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि उसके पति अनुराग त्रिपाठी ने उसके नाम से ‘रूदा इंटरप्राइजेज’ नामक फर्म रजिस्टर कराई थी, जो सर्जिकल सामग्री की बिक्री से जुड़ी है। इसी फर्म के नाम पर करीब 35 लाख रुपये का लोन लिया गया। लोन की किस्तों और पैसों को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था।पीड़िता के अनुसार, पति उसके घर पहुंचा और दरवाजा खुलते ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में महिला के चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने बाथरूम में रखी फिनाइल की गोलियों को पीसकर पानी में मिलाया और जान से मारने की नीयत से जबरन पिला दिया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने कहा, “तुम मर जाओगी तो 35लाख का कर्ज माफ हो जाएगा।” घटना के बाद आरोपी उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गया।पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पति अनुराग त्रिपाठी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



