आखिर किसने 20 वर्षीय युवक को मारी गोली, मौके पर परिस्थितियां भी संदिग्ध
टीकमगढ़ l जतारा के ग्राम बम्होरी अब्दा में बीती सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र कुशवाहा के रूप में हुई है।पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा और शराब (बीयर) की एक बोतल बरामद की है, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं।यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत आत्महत्या के कारण हुई है, यह कोई हादसा है या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने उसे गोली मारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जतारा पुलिस के अनुसार घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



