नरसिंहपुर l पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल के मुख्य आतिथ्य में नरसिंहपुर में तीन दिवसीय कृषि उद्योग समागम का समापन कार्यक्रम कृषि उपज मंडी के समीप हुआ।
      इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, विधायक श्री महेन्द्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटैल, श्री रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, श्री सुनील कोठारी,जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्रीमती मृगाखी डेका, सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, अन्य अधिकारी, उद्यमी, कृषक और नागरिक मौजूद थे।

      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि कृषि उद्योग समागम की शुरुआत से लेकर समापन जिस सटीक रणनीति से संपन्न हुआ, इसके लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद देने आया हूं। मेले में विभिन्न जिलों से आये किसानों की यहां मौजूदगी रही। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान जिले के किसानों ने अगर कह दिया कि प्रदर्शनी अच्छी है, तो इसमें फिर प्रश्नचिंह लगाने की जरुरत नहीं है। यहां आकर मैंने विभिन्न उत्पादों व आम की किस्मों को देखा है। मुख्यमंत्री स्वयं मानते है कि इतनी अच्छी लय में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ है।
               मंत्री श्री पटेल ने कहा कि इस मेले का उद्देश्य किसानों व उद्यमियों को परंपरागत खेती की बजाय जैविक और उन्नत खेती के प्रति जागरूक करना था।आधुनिक उपकरणों,कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से खेती में मार्गदर्शन और तकनीकी परामर्श देना था।अब समय आ गया है कि किसान एक- दूसरे से विचार विमर्श और मंथन कर खेती की इन तकनीक को समझें, ताकि भू- जल स्तर बना रहे। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में ली जाने वाली फसलों को पर्याप्त पानी देने में काफी तकलीफ होती है।
      कलेक्टर श्रीमती पटले ने तीन दिवसीय कृषि उद्योग समागम मेले के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने नरसिंहपुर जिले में यह मेले का आयोजन करने का निर्णय लिया था। कृषि प्रधान जिले को उद्योगों के साथ स्थापित करने का यह प्रयास है। जिला प्रशासन की पूरी टीम ने लगातार मेहनत कर इस मेले को संपन्न किया है। विशिष्ट अतिथियों के आगमन को लेकर पूरी टीम ने मेहनत और लगन के साथ कार्य किया है। इस कार्य में प्रशासन, पुलिस, मीडिया, किसान संगठनों का अहम योगदान सहयोग रहा । जिस स्वरुप में मेले का आयोजन करने को लेकर सोचा गया था, ठीक उसी तरह सभी लोगों के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोग से इसे संपन्न कराया गया है।
      समापन कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी अपने विचार साझा किये है। उन्होंने कहा कि उन्नत खेती की ओर बढ़ने का यह मुख्यमंत्री जी का निर्णय सराहनीय है। किसानों से संबंधित सभी चीजों को एक ही कार्यक्रम में समाहित किया गया है। एक ही छत के नीचे विभागों की प्रदर्शनी और अन्य प्रदर्शनी का लाभ किसानों को मिला है।

                कार्यक्रम में मंत्री श्री पटेल ने प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया। उन्होंने उद्यानिकी के क्षेत्र में कृषक श्री शिवम दीक्षित, जैविक खेती व जैविक खाद्य के क्षेत्र में कृषक श्री गजेन्द्र सिंह, महिला कृषक श्रीमती अर्चना राजे स्वामी, नरवाई प्रबंधन में कृषक श्री शेरसिंह राजपूत, स्टॉल प्रदर्शनी में आम की किस्मों के लिए श्री विजय पाल सिंह को पहला, श्री गोविंद सिंह पटेल को दूसरा और गुड़ के विभिन्न उत्पाद के लिए श्री करण सिंह को सम्मानित किया।
      कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री और आभार श्री उमेश कटहरे ने व्यक्त किया।