मैंने 15 करोड रुपए मेट्रो की डीपीआर के लिए भेजे थे
भोपाल l विधायक आरिफ मसूद ने सदन में मेट्रो को लेकर झूठी जानकारी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सॉइल टेस्टिंग के नाम पर पूरा शहर खोदा गया है। दो चरण के काम शुरू किए पर एक भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने मेट्रो से संबंधित निर्माण कार्यों की जानकारी मांगी। इसके जवाब में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत ओरेंज लाइन की प्रारंभ में कुल लागत रु. 4406.57 करोड़ रुपये थी। वर्तमान में परियोजना के लागत राशि में वृद्धि का मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है। भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के लिए कुल 3.2 हेक्टेयर निजी भूमि के अधिग्रहण हेतु प्रस्ताव, जिला प्रशासन को भेजा गया है। ब्लू लाइन (भदाभदा से रत्नागिरी) का कार्य प्रगति पर है, जिसके सिविल पैकेज का अनुबंध M/S AFCONS को प्रदान किया गया है। कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मेट्रो का इतिहास बताते हुए कहा कि जब मैं केंद्र में मंत्री था तब राज्य में बाबूलाल गौर की सरकार हुआ करती थी।उस समय मेट्रो की डीपीआर के लिए सरकार के पास पैसा नहीं था तब मैंने 15 करोड़ रुपये मेट्रो की डीपीआर के लिए केंद्र से भेजे थे।


