पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है – कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना
मुरैना/ प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत आधार स्तंभ है, जो न केवल सत्ता से प्रश्न करती है, बल्कि समाज को दिशा देने एवं जन-जागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। श्री कंषाना मुरैना में मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की जिला इकाई द्वारा आयोजित संभागीय कार्यशाला एवं पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जो प्रशासन की कमियों को उजागर कर आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। पत्रकारों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं परिश्रमसाध्य होता है। वे सत्य की खोज में सदैव तत्पर रहते हैं और समाज के हित में अपनी लेखनी से प्रभाव उत्पन्न करते हैं।श्री कंषाना ने इस अवसर पर पत्रकारों को दिए गए एक ज्ञापन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा जाएगा एवं न्यायोचित मांगों की पूर्ति का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से चार संघर्षशील एवं कर्मठ पत्रकारों – श्री राजेश बिठ्ठे, श्री मुकेश प्रजापति, श्री अशोक माहौर एवं श्री दक्ष कुलश्रेष्ठ को साइकिल भेंट की गई। साथ ही कृषि मंत्री श्री कंषाना ने इन सभी पत्रकारों को अपनी स्वेच्छानिधि से 10-10 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकारों के सहयोग से नगरीय विकास के कार्यों में गति मिलती है। कार्यक्रम में आईटीएम यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. आर.एस. तोमर ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक यदि कोई बात पहुंच सकती है, तो वह पत्रकारों के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पत्रकार विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाते हैं।कार्यक्रम को श्री सचिन बत्रा एवं श्री मनीष जायसवाल ने भी संबोधित किया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्री सुधीर आचार्य द्वारा किया गया।इस अवसर पर चंबल-ग्वालियर संभाग के अनेक पत्रकारगण उपस्थित रहे तथा उन्हें सम्मानित भी किया गया।



