झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार उद्यानिकी विभाग द्वारा झाबुआ जिले के कृषकों का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण दल इंदौर भेजा गया। इस भ्रमण का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक तकनीकी विधियों एवं नवाचारों से अवगत कराना तथा उन्हें उद्यानिकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना है।

           भ्रमण के दौरान कृषकों ने रहेजा फूड इंडस्ट्रीज, इंदौर का अवलोकन किया। यहां उन्हें सोलर ड्रायर की आधुनिक तकनीक से तैयार किए जाने वाले विभिन्न उत्पादों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र में कृषकों को बताया गया कि किस प्रकार सौर ऊर्जा आधारित ड्रायर के माध्यम से कृषि उपज को सुरक्षित रखा जा सकता है और उसके मूल्य संवर्धन से अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है।

           इस अवसर पर कृषकों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर न केवल तकनीकी पहलुओं को सीखा बल्कि उत्पाद निर्माण एवं पैकेजिंग प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन भी किया। भ्रमण से कृषकों में नवाचार अपनाने की उत्सुकता बढ़ी है, जिससे भविष्य में झाबुआ जिले के कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों को बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक स्थान मिल सकेगा।