सोयाबीन भावांतर भुगतान से किसानों को मिला रहा सीधा लाभ – कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना
भोपाल l प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जनवरी को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित सोयाबीन भावांतर राशि भुगतान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर चौथी किस्त के रूप में प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों को 200 करोड़ रुपये की भावांतर राशि का भुगतान किया जाएगा।
कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने बताया कि यह राशि उन किसानों को प्रदान की जाएगी, जिन्होंने 20 दिसंबर 2025 से योजना की समाप्ति तक सोयाबीन का विक्रय किया है। उन्होंने कहा कि भावांतर भुगतान योजना किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच है, जिससे उन्हें बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव से नुकसान नहीं उठाना पड़ता।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने जानकारी दी कि अब तक प्रदेश के 7 लाख 10 हजार किसानों को कुल 1492 करोड़ रुपये की भावांतर राशि का भुगतान किया जा चुका है। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार किसान हित में ठोस और प्रभावी निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिल रही है। भावांतर भुगतान योजना से किसानों को आर्थिक संबल मिला है और उनकी मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान मल्हारगढ़ क्षेत्र को 69.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी दी जाएगी, जिससे क्षेत्र में यातायात सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ किसान कल्याण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



