प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
सीहोर l स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में पूरे हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस मौके पर हर्ष फायर हुए और रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े गये तथा मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। समारोह में भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इसके साथ ही मंत्री श्रीमती गौर ने भी संबोधित कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख किया। मंत्री श्रीमती गौर ने परेड का निरीक्षण कर सभी परेड कमांडरो से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला भी साथ थे।
परेड के पश्चात अनेक शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दी। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को मुख्य अतिथि द्वारा शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पहले सेंट ऐंस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा गान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात शासकीय कस्तूरबा कन्या उमावि के विद्यार्थियों के दल द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसी प्रकार सरस्वती कत्थक कला केन्द्र के दल द्वारा भी सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। नवीन विद्या भारती स्कूल द्वारा देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया तथा द ऑक्सफोर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल द्वारा भी देशभक्ति समूह नृत्य की प्रस्तुति दी गई। शासकीय सांदीपनि मनुबेन उमावि मंडी के दल एवं सेंट एंजेल्स स्कूल जताखेडा के दल द्वारा भी सामूहिक देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया गया। द ऑक्सफोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल के बैण्ड दल द्वारा बैंड प्रदर्शन किया गया।
सीनियर एवं जूनियर वर्ग में परेड दल का किया प्रतिनिधित्व
समारोह में प्रथम परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत पांडे तथा द्वितीय परेड कमांडर सूबेदार श्रीमती प्राची राजपूत ने परेड का नेतृत्व किया। परेड दलों में विसबल का उप निरीक्षक श्री आकाश सोलंकी, जिला पुलिस बल पुरूष दल का उप निरीक्षक श्री अनिल डोडियार एवं महिला दल का उप निरीक्षण सुश्री सुनीति सिंह ने नेतृत्व किया। इसी प्रकार होमगार्ड के दल का श्री पीसी आशोक पाटीदार, पीजी कॉलेज एनसीसी सीनियर का श्री सत्यम कुमार चौहान तथा एनसीसी गर्ल्स सीनियर का सुश्री अल्का मेवाड़ा, महात्मा गांधी कॉलेज एनसीसी सीनियर का श्री गौरव मीना, उत्कृष्ट स्कूल से एनसीसी बालक दल का श्री सुजीत वर्मा एवं बालिका दल का सुश्री चाहत मालवीय, शारदा विद्या मंदिर स्कूल एनसीसी बालिका दल का सुश्री रश्मिता सोलंकी तथा एनसीसी नेवल का कृष्णा सूर्या, सुभाष स्कूल के एनसीसी नेवल दल क श्री हर्षित गौर, एमएलबी स्कूल के गाइड दल का सुश्री गरिमा आर्य और महिला सशक्तिकरण के शौर्य दल सुश्री अक्षरा राठौर ने नेतृत्व किया। विसबल भोपाल के बैंड दल का नेतृत्व श्री कमला प्रसाद ने किया।
इन्हें किया गया पुरस्कृत
परेड में शानदार प्रदर्शन के लिए परेड कमांडर श्री हेमंत पांडे एवं द्वितीय परेड कमांडर श्रीमती प्राची राजपूत, परेड की संपूर्ण उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए रक्षित निरीक्षक श्री उपेंद्र यादव, मध्यप्रदेश गान की सराहनीय प्रस्तुति के लिए सेंट ऐंस स्कूल पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही विशेष सशस्त्र बल एवं जिला पुलिस बल के बैंड दल एवं ऑक्सफोर्ड स्कूल के बैंड दल को भी बैंड की प्रस्तुति के लिए पुरस्कृत किया गया। जूनियर परेड वर्ग में शासकीय उत्कृष्ट उमावि बालक के दल को प्रथम, शारदा विद्या मंदिर सीहोर नेवल के दल को द्वितीय तथा शासकीय उत्कृष्ट उमावि बालिका के दल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रकार सीनियर परेड वर्ग में जिला पुलिस बल महिला के दल को प्रथम, विशेष सशस्त्र बल के दल को द्वितीय तथा जिला पुलिस बल पुरूष के दल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।


