सीहोर l राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा इछावर तहसील में दीवाड़िया मंडल द्वारा सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित मंडल स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विजेता खिलाड़ी टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हें खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

      इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और खेल भावना को सही दिशा देने का एक बड़ा अभियान है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के लिए यह महोत्सव एक महत्वपूर्ण मंच है। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आज यहां अपनी क्षमता दिखा रहे हैं, यही खिलाड़ी आगे चलकर जिले, प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

 

      उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन, एकजुटता, मेहनत और सकारात्मक सोच सिखाता है। जीत-हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन असली जीत उस भावना की होती है जिससे हम मैदान में उतरते हैं। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं और युवाओं को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर प्रदान करते हैं, जिससे प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा को निखार सके और खेलों के माध्यम से अपना उज्ज्वल भविष्य बना सके।”