शादी के बाद लुटेरी दुल्हन गैंग बेनकाब, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
दमोह l इमलिया चौकी पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी और गहने लेकर फरार होने वाली दुल्हन गैंग का खुलासा किया है। इमलिया क्षेत्र के निवासी ऋषभ जैन की शादी जबलपुर निवासी बताई गई कृतिका उर्फ मुस्कान जैन से कराई गई थी। दुल्हन पक्ष ने शादी के एवज में ₹5.50 लाख नकद लिए थे। शादी के लगभग एक माह बाद दुल्हन घर से करीब 6 लाख रुपये के सोने–चांदी के गहनों के साथ लापता हो गई।
परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों—मुन्ना चौहान, उसकी पत्नी सोना उर्फ राधा जैन और प्रकाश पटेल को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस मामले की मुख्य आरोपी दुल्हन कृतिका जैन और उसकी साथी पुष्पा जैन पहले से ही समान मामलों में उज्जैन पुलिस द्वारा गिरफ्तार की जा चुकी हैं और वर्तमान में जेल में बंद हैं। पुलिस अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।



