मां-बाप और बहन को दौड़ा-दौड़ाकर कुल्हाड़ी से काट डाला
गाजीपुर l रक्षाबंधन की तैयारी में बहन कुसुम जुटी हुई थी। अभय ,कुसुम का अकेला सगा भाई था। शिवराम यादव द्वारा बहन को खेत की रजिस्ट्री करने पर अभय अपने पिता से झगड़ रहा था। बहू भी सास से झुंझला रही थी।तभी कुसुम स्कूटी से वहां पहुंच गई। अभय कुल्हाड़ी लेकर दौड़ पड़ा। अभय को देख हेलमेट पहने कुसुम धान के खेत की तरफ भागी, लेकिन अभय ने कुल्हाड़ी से कई वार कर बहन को मार डाला।यह देख बचाने के लिए दौड़े पिता शिवराम को भी अभय ने कुल्हाड़ी से काट दिया। चीख पुकार पर लिपाई कर रही मां जमुनी देवी भी गिरते भागते झोपड़ी से निकली ही थीं कि उनकी भी अभय ने हत्या कर दी। सूचना पर करीब एक बजे कोतवाल दीनदयाल पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी, खुरपी, मोबाइल फोन और चप्पलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।



