यूपी के आगरा में एक निर्दयी मां ने मासूम को पानी में डुबोकर मार डाला। इसके बाद नाले में फेंकने से पहले पत्थर से चेहरा कुचल दिया। आरोपी मां ने अवैध संबंध में बाधा बनने पर हत्याकांड को अंजाम दिया। दवा दिलाने के बहाने मासूम को घर से ले आई थी।दर असल मंगलवार रात यमुना आरती स्थल के पास नाले में डेढ़ वर्षीय बच्ची का शव मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे। रात में बच्ची के पिता रामू धाकड़ आए। 
 
उन्होंने बताया कि वह चांदी की चेन के कारीगर हैं। बेटी लापता है। उसे ढूंढ रहे हैं। पुलिस ने नाले में मिली बच्ची की फोटो दिखाई तो उन्होंने उसे पहचान लिया। डेढ़ वर्षीय बेटी खुशी के रूप में शिनाख्त की। पोस्टमार्टम गृह पर शव दिखाया गया तो वह रोने लगे।उन्होंने बताया कि पत्नी ममता सुबह 11:30 बजे बेटी को दवा दिलाने के लिए निकली थी। बच्ची की मां पर ही हत्या करने का शक जताया। देर रात बच्ची की मां खुद ही घटनास्थल पहुंच गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। देर शाम परिजन ने अंतिम संस्कार किया।हत्यारोपी ममता के पति रामू धाकड़ ने बताया कि बिहार के रहने वाले कुछ लोगों से जान पहचान है। उन्होंने रिश्ते की बात की थी। 24 नवंबर, 2023 को वह परिवार के साथ बिहार के चंपारड़ गए थे। वहां पर शादी की। नवंबर 2024 में बेटी हुई। 
 
पत्नी कुछ समय से किसी व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। कई बार बिना बताए घर से चली जाती थी। इस बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद होता था। वह बार-बार बेटी को छोड़कर वापस बिहार जाने के लिए कहती थी। मंगलवार सुबह भी इसी कारण झगड़ा हुआ था। वह काम पर चले गए थे। सुबह 11:30 बजे ममता उनके भाई और भाभी से बच्ची को बीमार बता दवा दिलाने की बोलकर निकली थी। पता नहीं था कि वह बेटी की हत्या कर देगी।
 
मासूम की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सब एक ही बात कर रहे थे कि जिन बेटी को जन्म दिया। उसी को मार डाला। मामले का पता चलने के बाद मायके वालों ने भी बेटी से कोई संबंध रखने से मना कर दिया है।पुलिस की पूछताछ में हत्यारोपी ममता ने बताया कि पति से विवाद के बाद बच्ची को लेकर निकलने के बाद वह परेशान थी कि आगे वह कहां जाए। बेटी खुशी को लेकर वह भटकना नहीं चाहती थी। घूमते हुए यमुना किनारा पहुंचने पर बेटी रोने लगी। इस पर गुस्सा आ गया। उसे भी लग रहा था कि जिस युवक से वह बात करती है, वह बेटी के साथ उसे स्वीकार नहीं करेगा।
इससे ही उसने बेटी को नाले में फेंक दिया। इसके बाद उसका मुंह पानी के अंदर ही दबा दिया। बेटी के शरीर से हरकत बंद हुई तो उसे बाहर निकाला। पहचान छिपाने के लिए वहीं पास रखा पत्थर उठाकर बेटी के चेहरे पर मार दिया।वह बिहार जाने के लिए टूंडला पहुंच गई थी। इस बीच उसे शक हुआ कि कहीं बेटी जिंदा न हो, इसलिए वह मौत की पुष्टि करने दोबारा घटनास्थल पहुंची थी। मौके से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे जघन्य अपराध करने पर अफसोस हो रहा है।