सांसद के साथ लूट ,सांसद के गले में चोट के निशान, सांसद ने लिखा गृहमंत्री को पत्र
दिल्ली में तमिलनाडु भवन के पास सांसद आर सुधा की चेन छीनी गई। वह नई दिल्ली स्थित तमिलनाडु भवन में रहती हैं। आज सुबह सांसद सुधा मार्निंग वाक के लिए निकली थीं, उसी दौरान यह घटना हुई। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। सांसद से चेन स्नेचिंग की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर इस घटना की जांच कर रही है। आर. सुधा तमिलनाडु के मयिलादुथुराई लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने लिखा है कि सोमवार सुबह चाणक्यपुरी इलाके में पोलैंड दूतावास के पास उनकी चेन खींची गई। इस घटना में उन्हें चोटें भी आईं। सांसद सुधा ने गुह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है कि अधिकारियों को अपराधी का पता लगाने और गिरफ्तार करने का निर्देश दें।
सांसद आर. सुधा ने गृह मंत्री को लिखे लेटर में घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि आज सुबह वह राज्यसभा की एक महिला सांसद के साथ मार्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान पोलैंड दूतावास के पास सामने की दिशा से एक व्यक्ति स्कूटी पर सवार हेलमेट पहने हुए आ रहा था।
उसने तेजी से आते हुए सोने की चैन खींच ली और फरार हो गया। उन्होंने पत्र में लिखा कि इस घटना में उनके गले पर चोटें भी आई हैं। सांसद सुधा ने लिखा कि चाणक्यपुरी जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके में इस तरह की घटना से वह हैरान हैं। उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तार की मांग की है।



