मध्यप्रदेश की अमरपाटन विधानसभा एक ऐसी विधानसभा है जहां से दो बार विधानसभा चुनाव जीतने वाला विधायक मंत्री बनने में सफल हो जाता है और आसपास के क्षेत्रों के तीन-तीन ,चार-चार, पांच-पांच बार जीतने वाले विधायक जी मंत्रिमंडल का मुंह ताकते रह जाते हैं l अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र से बैरिस्टर गुलशेर अहमद मध्य प्रदेश सरकार में ना सिर्फ मंत्री रहे बल्कि वे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल तक बनने में सफल रहेl रामहित गुप्त भी दो बार चुनाव जीतकर मंत्री बनने में सफल हुएl डॉ राजेंद्र कुमार सिंह भी दो बार चुनाव जीते मंत्री बने और वे विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी बनने में सफल हुए l  रामखेलावन पटेल भी दो बार विधानसभा चुनाव जीते हैं और उन्हें मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार में मंत्री बनने का अवसर मिल गया l रामखेलावन पटेल बीएसपी के टिकट पर भी चुनाव लड़े परंतु वे सफल नहीं हो सके l अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र पर नजर दौड़ाएं तो 1990 में यहां से रामहित गुप्ता भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते ,1993 में राजेंद्र कुमार सिंह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के सुखलाल कुशवाहा को पराजित किया ,1998 में कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बदला और शिव मोहन सिंह ने भाजपा के रामहित गुप्ता को चुनाव में पराजित किया ,2003 में एक बार फिर राजेंद्र कुमार सिंह को टिकट मिली और वे जीतने में सफल हुए, 2008 में रामखेलावन पटेल ने भाजपा के टिकट पर कांग्रेस के राजेंद्र सिंह को पराजित किया, 2013 में एक बार फिर राजेंद्र सिंह ने रामखेलावन पटेल को पराजित किया, 2018 के चुनाव में रामखेलावन पटेल ने राजेंद्र सिंह को पराजित किया और वह मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार में 2020 में मंत्री बनने में सफल हो गए l मंत्री रामखेलावन पटेल की कार्यशैली से क्षेत्र में नाराजगी जरूर है लेकिन जातिगत आंकड़ों में रामखेलावन पटेल आगे बढ़ते दिख रहे हैं हालांकि अभी चुनाव में वक्त हैं और चुनाव आते-आते क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण भी बदलते रहते हैं l रामखेलावन पटेल को एक बार फिर भाजपा से टिकट मिलने की आस हैl