सतना l नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने शुक्रवार को रैगांव विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करते हुए महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत सितपुरा में पंचायत भवन के समीप 15 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक पार्क तथा ग्राम बचबई में एक अन्य सामुदायिक पार्क के निर्माण के साथ-साथ शासकीय माध्यमिक शाला बचबई में बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने कहा कि सामुदायिक पार्क ग्रामवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और सामूहिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेंगे। इनके निर्माण से क्षेत्र का सौंदर्यीकरण होगा और लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने आगे कहा कि बचबई में शासकीय माध्यमिक शाला के लिए बनने वाली बाउंड्रीवाल विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगी। ये दोनों कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जीवन स्तर सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।