विधायक और उनके चाचा का जाति प्रमाण पत्र पाया गया फर्जी
मुरादाबाद l बिलारी के सपा विधायक मो. फहीम का जाति प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया है। फहीम ने अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत झोजा जाति का प्रमाणपत्र इस्तेमाल किया था। जनपद स्तरीय जाति प्रमाणपत्र सत्यापन समिति ने सुनवाई के बाद विधायक फहीम का यह जाति प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया है। विधायक के चाचा उस्मान और उस्मान की दो बेटियों का प्रमाणपत्र भी निरस्त किया है। कहा है कि इनका झोजा जाति में वर्गीकृत होना स्पष्ट नहीं हो सका है। दूसरी तरफ विधायक से जुड़े सूत्रों का कहना है कि हमारी जाति झोजा होने से संबंधित मेरे पास सन 1911 से लेकर 2018 तक के पुश्तैनी पुख्ता दस्तावेजी साक्ष्य हैं। इन साक्ष्यों को जनपद स्तरीय समिति को उपलब्ध कराया गया था। ऐसे साक्ष्य नजरअंदाज करके यदि समिति द्वारा कोई आदेश दिया गया है तो उसकी प्रति लेकर पुन: मंडलीय अपीलीय फोरम के समक्ष कानूनी प्रावधान के तहत अपील की जाएगी। मंडलीय अपीलीय फोरम से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।



