रतलाम जिले की आलोट सीट से भाजपा विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है। यह नोटिस उन बयानों को लेकर भेजा गया है जिनमें बोरासी ने विधायक पर यौन शोषण और अवैध भूमि कब्जे जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। दर असल कुछ दिन पहले रीना ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद मीडिया को दिए बयान में उन्होंने विधायक मालवीय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि एक पीड़ित महिला ने उन्हें शपथपत्र और साक्ष्य सौंपे हैं, जो वे राज्यपाल को देने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने एक महिला का यौन शोषण किया, उसके घर और पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा किया तथा 25-30 गुंडे भेजकर संपत्ति तोड़फोड़ कराई और 70 वर्षीय महिला पर अत्याचार किया। रीना ने सरकार और राज्यपाल से विधायक की सदस्यता रद्द करने की मांग भी की थी।