प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश के पालनाडु में एक  सभा में शामिल हुए। इस दौरान टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू और जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण भी वहां मौजूद थे। सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'कल ही देश में चुनाव का बिगुल बजा है और आज मैं आप सबके बीच हूं। यहां मुझे ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों का आशीर्वाद मिल रहा है। त्रिदेवों के इस आशीर्वाद से हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल में देश और भी बड़े निर्णय लेगा। ये संयोग है कि इस बार चुनावों के परिणाम 4 जून को आने वाले हैं। पूरा देश कह रहा है, 4 जून को 400 पार।' मोदी ने आगे कहा, 'हमारा NDA गठबंधन क्षेत्रीय आकांक्षाएं और राष्ट्रीय प्रगति दोनों को साथ लेकर चलता है। इस चुनाव में  भाजपा के सहयोगी हमारे साथी लगातार बढ़ रहे हैं। NDA की ताकत बढ़ रही है। चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण दोनों लंबे समय से आप लोगों के हक के लिए आंध्र के विकास के लिए दिन रात आपके लिए काम करते रहे हैं।'