MP - भाजपा नेता द्वारा महिला से गाली-गलौच और बेरहमी से मारपीट मामले में आया नया मोड़
सीधी l हेमा सिंह हनुमना मोड़ के पास एक छोटी दुकान में सब्जी बेचकर अपना गुजारा करती थी। आरोप है कि संतोष पाठक ने तीन महीने पहले महिला की गुमठी में तोड़फोड़ कर उसे वहां से हटा दिया था। इतना ही नहीं, उस जगह पर अपनी दुकान रख दी और उसे किराए पर भी चढ़ा दिया। जब पीड़िता ने वहां दुबारा हाथ ठेला लगाकर सब्जी बेचना शुरू किया, तो आरोपी ने उसका ठेला भी गायब करवा दिया। इसके बाद जब पीड़िता उसी स्थान पर बैठकर सब्जी बेचने पहुंची, तो संतोष पाठक ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।आरोपी संतोष पाठक को क्षेत्रीय भाजपा विधायक विश्वामित्र पाठक का बेहद करीबी बताया जा रहा है। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से भी पोस्ट कर संतोष पाठक को भाजपा नेता बताया है वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने एक फोटो शेयर कर संतोष पाठक को कांग्रेसी नेता बता दिया है l भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने संतोष पाठक की कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के साथ एक फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की है l


