शिवराज का बेरहमी से कत्ल, घर के नीले ड्रम में छिपाया हुआ था शिवराज का शव
सतना जिले के कोलगांवा थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी इलाके में एक बच्चे की हत्या कर उसका शव घर के अंदर एक नीले ड्रम में छिपा दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।मृतक की पहचान 11 वर्षीय शिवराज रजक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सभापुर का निवासी था। मुख्य आरोपी मथुरा बताया जा रहा है, जो उसी मकान में किराए से रहता था और मृतक परिवार का पड़ोसी था। आरोपी लंबे समय से बच्चे की मां को परेशान कर रहा था और उस पर शादी का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर परिवार और आरोपी के बीच विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी मृतक के पिता रमेश रजक और आरोपी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसमें आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। घटना वाले दिन दोपहर में शिवराज अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान जानकारी मिली कि बच्चे को आखिरी बार आरोपी मथुरा के साथ देखा गया था, जिससे शक और गहरा हो गया। कोलगांवा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपी पर अपहरण का केस दर्ज किया और संदेह के आधार पर पुलिस ने ताला तोड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर रखे एक नीले ड्रम से बच्चे का शव बरामद हुआ, जिसे देखकर सभी स्तब्ध रह गए। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


