नई दिल्ली । मध्यप्रदेश शासन द्वारा बच्चों की रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “समर कैंप 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय समर कैंप 28 एवं 29 मई 2026 को मध्य प्रदेश भवन, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में आयोजित होगा। कैंप का समय दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।

समर कैंप में 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों के लिए पंजीयन शुल्क 200 रुपये प्रति प्रतिभागी रखा गया है।

कैंप के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न रोचक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें ट्रेजर हंट, फैब्रिक पेंटिंग, मंडला आर्ट, डीआईवाई प्रोजेक्ट्स, हीटलेस कुकिंग तथा स्टोरी, सॉन्ग एवं पोएम एक्टिविटीज शामिल हैं।

कार्यक्रम के पहले दिन 28 मई को ट्रेजर हंट, हीटलेस कुकिंग एवं प्रतिभागियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। वहीं दूसरे दिन 29 मई को फैब्रिक पेंटिंग, डीआईवाई प्रोजेक्ट्स और मंडला आर्ट गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दोनों दिनों में बच्चों के लिए फन, फूड एवं चिल टाइम भी रखा गया है।

समर कैंप के समापन अवसर पर 29 मई को शाम 6 बजे से “कल्चरल ईवनिंग” का आयोजन होगा, जिसमें मध्यप्रदेश के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

मध्यप्रदेश शासन का यह प्रयास बच्चों को सीखने, रचनात्मकता विकसित करने और मनोरंजन के साथ नई गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।