जबलपुर-शहर के घंटाघर इलाके में मंगलवार को तब तनाव की स्थिति बन गई, जब बजरंग दल और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे भी चले l इस बवाल की जड़ें बीते दिनों मानस भवन में हुए एक विवाद में हैं l मानस भवन में एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग का एक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके दौरान संविधान की किताब बेचे जाने को लेकर विवाद हुआ था l इस दौरान बजरंग दल के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई थी, जबकि एससी-एसटी-ओबीसी वर्ग के लोगों ने हिन्दू संगठनों पर संविधान की किताब फाड़े जाने का आरोप लगाया था l इसी पुराने विवाद को लेकर मंगलवार को दोनों पक्ष एसपी ऑफिस में ज्ञापन देने पहुँचे थे l बजरंग दल सहित हिन्दू संगठनों के पदाधिकारी ज्ञापन सौंपकर लौट रहे थे, जबकि बहुजन समाज पार्टी (एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग) के लोग ज्ञापन देने के लिए घंटाघर पर एकत्रित हुए थे l लौटते समय जैसे ही दोनों संगठन आमने-सामने आए, जमकर नारेबाजी शुरू हो गई, जो जल्द ही लाठी-डंडों के साथ मारपीट में बदल गई l बवाल बढ़ता देख, पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला l भारी पुलिस बल ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया l पुलिस अब इस झड़प में शामिल लोगों की पहचान कर रही है l