भोपाल-ग्वालियर। कांग्रेस पार्टी फुस्सी बम लेकर चल रही है। वे बम जला-जलाकर परेशान हैं, लेकिन फूट ही नहीं रहा है। उनके नेता राहुल गांधी आगे-आगे न्याय यात्रा लेकर चल रहे हैं, लेकिन पीछे-पीछे कांग्रेस का ही सफाया हो रहा है। 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेशवासियों ने कांग्रेस को ऐसा चक्कर खिलाकर गिराया कि वे अब तक उठ ही नहीं पाए हैं। कांग्रेस कहती थी कि प्रदेश में हमारी सरकार बनाओ और जब उन्हें प्रदेश की जनता ने 2018 में मौका दिया तो वे भाग खड़े हुए। कांग्रेस ने झूठ बोलकर सरकार बनाई थी तो प्रदेश की जनता ने उन्हें सबक भी सिखा दिया। अब प्रदेश की जनता जानती है कि प्रधानमंत्री मोदीजी के मन में एमपी है तो एमपी के मन में मोदीजी हैं। ये बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। वे मुरैना लोकसभा की सबलगढ़ विधानसभा के ग्राम मामचोन में भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर एवं ग्वालियर लोकसभा के ग्राम कुलैठ एवं बड़ागांव में भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस ने आमंत्रण ठुकराया अब जनता इन्हें ठुकराएगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पहले कांग्रेस के लोग बसों में समा जाते थे, लेकिन अब तो उनकी स्थिति यह हो गई है कि वे अब टैम्पों में ही समा जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्या गली, क्या मोहल्ला, क्या गांव और क्या शहर, हर तरफ मोदीमय माहौल है। हर तरफ मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं, उनकी जय-जयकार हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए भेजा गया आमंत्रण ही ठुकरा दिया। हमारी संस्कृति में तो यदि किसी दुश्मन के घर से भी आमंत्रण आए तो वह भी नहीं ठुकराते हैं, लेकिन कांग्रेस ने तो भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का ही आमंत्रण ठुकरा दिया है। अब देश-प्रदेश की जनता भी कांग्रेस को पूरी तरह ठुकराएगी। अब देश में रामनाम की लहर है, देश तरक्की, प्रगति के रास्ते पर है तो कांग्रेस की छाती पर सांप लोट रहे हैं।
सीएम डॉ यादव ने कहा कि चंबल के नौजवानों की लंबी मुछें, 56 इंच जैसा सीना जब बॉर्डर पर तपती धूप में सीना अड़ाकर खड़ा हो जाए, तो गोलियां कम पड़ जाती है। लेकिन हमारा जवान कमजोर नहीं पड़ता। यहां के जवान जान को ऐसे हथेली पर लेकर चलता है, जैसे फूल किसी को देने निकला हो, इस क्षेत्र पर जैसे भगवान की कृपा हो।
पुण्य सलिला क्षिप्रा चंबल में मिलकर अपना रूप परिवर्तित करती है
उज्जैन की क्षिप्रा और चंबल नदियों के संबंध पर डॉ यादव ने कहा कि उज्जैन में क्षिप्रा के आधार पर कुंभ मेला लगता है, कई देवी देवताओं का उज्जैन से सम्बंध आता है। महाकाल महाराज को पवित्र करने वाली क्षिप्रा जी भी भगवान श्री कृष्ण को आकर्षित करती है। भगवान श्री कृष्ण जी ने 14 विद्या, 64 कला 18 पुराण, चारों वेद की पढ़ाई की। उज्जैन से निकलने वाले मुरली जी के मुंह से जब गीता जी निकली तो दुनिया माथे पर लगाती है, और पवित्र हो जाता है। 
मथुरा वृंदावन से आकर यमुना जी चंबल माता का मान बढ़ाती हैं। क्षिप्रा माता पहले चंबल में आकर स्नान करती हैं। अपना रूप परिवर्तित करके चंबल बनकर यमुना जी में अपना आनन्द मनाती है। ऐसा लगता है कि गोपाल कृष्ण का और हमारे चंबल वासियों का मिलन होता है। महाकाल के जल से अभिषेक होता है।
सबका विश्वास ही भाजपा की जीत है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की जीत ही सबका विश्वास है। सबके विश्वास के कारण ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। सरकार बनते ही कई ऐसे निर्णय भी लिए गए, जो देश के भविष्य के लिए कारगर साबित होंगे। प्रदेश की भाजपा सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया था कि युवाओं को पढ़ने के लिए एक्सीलेंस कॉलेज मिलना चाहिए और हर जिले में एक एक्सीलेंस कॉलेज खोलने का निर्णय लिया। इसमें युवाओं को कृषि सहित अन्य विषयों की शिक्षा दी जाएगी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने सबसे पहले शिक्षा नीति को लागू किया और अब नई शिक्षा नीति के तहत कॉलेजों, स्कूलों में पढ़ाई करवाई जा रही है।
किसानों को दिलाया उनका सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को उनका सम्मान दिलाया। कांग्रेस जो सम्मान किसानों को 70 साल में नहीं दिला सकी वह सम्मान प्रधानमंत्री जी ने 10 सालों में दिलाया है। जिस प्रकार हमारे देश का जवान 24 घंटे तैनात रहकर देश की सुरक्षा करता है। उसी प्रकार हमारे देश का किसान अथक परिश्रम और मेहनत से सबके पेट की रक्षा करता है। किसान को उसका सम्मान मिलना ही चाहिए। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने किसानों को सम्मान राशि के रूप में प्रतिवर्ष 6 हजार रूपए देने शुरू किए तो इसमें प्रदेश सरकार ने भी अपनी भागीदारी निभाई और अब किसानों को प्रतिवर्ष 10 हजार रूपए सम्मान निधि के प्राप्त हो रहे हैं। आज यह सम्मान निधि का पैसा सीधे किसानों के खातों में पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि वे भी किसान परिवार से ही आए हैं। उनके पिताजी मिल में मजदूरी करते थे, इसलिए उन्हें पता है कि गरीबी क्या होती है।
सनातन संस्कृति को समझने की जरूरत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब तक बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन स्थित काल भैरव मंदिर के रहस्य को तो जानते हैं कि वहां पर भैरवनाथ जी को कितनी ही शराब चढ़ा दो। यह शराब कहां जाती है इसका पता ही नहीं चलता है, लेकिन अब ग्वालियर में भी एक रहस्य है, जिसका आज पता चला है। यहां पर भगवान जगन्नाथ स्वामी को सोमवार के दिन मटकी में प्रसाद रखो तो उसके चार हिस्से हो जाते हैं। यह संकेत दे रहे हैं और यह हमें समझना चाहिए। हमारी भारतीय संस्कृति, सनातन संस्कृति को अब सभी को समझने की जरूरत है।
हर गरीब को मिलेगा पक्का मकान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रत्येक गरीब को पक्का मकान देने का संकल्प लिया था और उनका यह संकल्प जल्द ही पूरा भी होगा। गरीबों को पक्के आवास देने का सिलसिला लगातार जारी है और आने वाले समय में जो लोग बचे हैं उन्हें भी पक्का मकान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग ढिंढोरा पीट रहे थे कि लाडली बहना योजना बंद हो जाएगी, लेकिन उन्हें यह पता नहीं है कि यह योजना भाजपा की सरकार ने शुरू की है। भाजपा सरकार योजनाओं को शुरू करती है उन्हें बंद नहीं करती है। लाडली बहना योजना का पैसा भी बहनों के खातों में पहुंचता रहेगा। कोई भी योजना बंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अब किसानों को अपने कामों के लिए पटवारियों के हाथ-पैर नहीं जोड़ना पड़ेगा, क्योंकि सरकार ने ऐसी व्यवस्थाएं कर दी हैं कि रजिस्ट्री के बाद 15 दिनों में स्वतः नामांतरण भी हो जाएगा।
कांग्रेस एवं बसपा के नेताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
मुरैना और ग्वालियर में आयोजित जनसभाओं के दौरान कांग्रेस एवं बसपा नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना के ग्राम मामचोन में कांग्रेस के पूर्व विधायक श्री अजब सिंह कुशवाह को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान उन्होंने श्री अजब सिंह कुशवाह को भाजपा का अंगवस्र्भा पहनाकर स्वाेगत किया । इसी तरह ग्वालियर के कुलैठ में आयोजित सभा के दौरान बसपा के जिलाध्यक्ष श्री सुरेश बघेल को भी भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।
पाकिस्तान की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर लोकसभा के बड़ागांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले पाकिस्तान के लोग सैनिकों का सिर काटकर ले जाते थे, फुटबाल खेलते थे, पत्थर फेंकते थे, आगजनी करते थे, लेकिन अब सब बंद हो गया है। इसका श्रेय जाता है देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी को, जिन्होंने पाकिस्तान को एक बार नहीं, बल्कि दो-दो बार ऐसी मार लगाई ऐसा सबब सिखाया कि अब पाकिस्तान की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। अब भारत में कांग्रेस का शासन नहीं, भाजपा का शासन है, श्री नरेंद्र मोदी जी का शासन है, जिन्होंने पाकिस्तान के अंदर घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की। अब तो पाकिस्तान के लोग भी कहते हैं कि उनके यहां भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जैसा  नेतृत्व चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कश्मीर से जब धारा 370 हटाई गई तो कांग्रेस के लोग कहते थे कि देश के अंदर माहौल खराब हो जाएगा, लेकिन देश के अंदर नहीं, बल्कि पाकिस्तान के अंदर माहौल खराब हुआ, कांग्रेस के अंदर माहौल खराब हुआ है।
कांग्रेस 70 सालों में शौचालय नहीं बना पाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश में 70 वर्षों तक राज किया। लेकिन वे लोग देश की बहन-बेटियों के लिए शौचालयों तक की व्यवस्था नहीं कर पाए। अब वे ही कांग्रेस के लोग भाजपा को कोस रहे हैं। उनके सीने पर सांप लैट रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब देश में रामराज आ गया है। अब देश में मोदीराज है, जिसमें कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोता है।
ये रहे उपस्थित
ग्वालियर से भाजपा प्रत्याशी श्री भारत सिंह कुशवाह, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी, श्री प्रहलाद भारती, पूर्व विधायक श्री शिशुपाल यादव, श्री गंगाराम बघेल, श्री आकाश भदौरिया, श्री शिवराज यादव, श्री अनार सिंह, श्री दीपक माहौर, श्री मुलायम सिंह यादव, श्री अशोक गुर्जर, श्री सियाराम यादव, श्री राजू कुशवाह, श्री हुकूमचंद्र, श्री रमेश शर्मा, श्री विनोद जादौन, श्री कौशल शर्मा, श्री आनंद यादव, श्री हाकिम सिंह, श्री पप्पन पहलवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी सहित आमजन मौजूद रहे।