राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया राहटकर ने की मध्यप्रदेश पुलिस के नवाचारों की सराहना, हेल्पिंग हैंड योजना को देशभर में लागू करने की बात कही
भोपाल । मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती विजया राहटकर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती विजया राहटकर ने मध्यप्रदेश के नवाचारों और कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हेल्पपिंग हैंड जैसी योजना को पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा जागरूकता अभियानों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक श्री अनिल कुमार, उप पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती किरणलता केरकेट्टा, सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती बीना सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों एवं अभियानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा 16 जुलाई 2024 को पुलिस मुख्यालय स्तर पर NCW पोर्टल सक्रिय किया गया था। इसके पश्चात 7 नवम्बर 2025 को आयोजित बैठक के बाद प्रदेश के सभी जिलों को भी इस पोर्टल से जोड़ा गया है, जिससे अब जिला स्तर पर ही शिकायतों पर Action Taken Report (ATR) अपलोड कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में गुम नाबालिग बालिकाओं की तलाश हेतु संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान की प्रगति से भी अवगत कराया गया। वर्ष 2021 से 2025 तक प्रदेश में इस अभियान के तहत 55,803 बालिकाओं को दस्तयाब किया गया है। साथ ही नवम्बर 2025 में संचालित विशेष “मुस्कान” अभियान के दौरान 1,906 बालिकाओं को दस्तयाब किया गया तथा 13,109 विद्यालयों में 16 लाख से अधिक विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
महिलाओं के भरण-पोषण से संबंधित न्यायालयीन समंस एवं वारंट की तामीली सुनिश्चित करने के लिए संचालित “Operation Helping Hand” अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025 में 16,703 समंस/वारंट की तामीली की गई है।
महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते सायबर अपराधों की रोकथाम के लिए “NAYAN” सेंटर के माध्यम से विशेष निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त “Safe Click” सायबर जागरूकता कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में 15,000 से अधिक कार्यक्रम आयोजित कर 33 लाख से अधिक नागरिकों को जागरूक किया गया है।
प्रदेश में महिलाओं की सहायता और शिकायतों के संवेदनशील निराकरण के लिए 987 महिला हेल्प डेस्क संचालित की जा रही हैं। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए “अभिमन्यु”, “सृजन” एवं “सम्मान” जैसे अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए भविष्य में Safe City, Safe Tourism एवं शक्ति केफै जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।



