नई दिल्ली lआगामी दो दिनों में  यूपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता की माने तो उत्तरप्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के  तुरंत बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी महासचिव सुनील बंसल के नाम की चर्चा लंबे समय से चल रही है। वैसे प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद किसी चौंकाने वाले चेहरे के आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही सुचारू होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के संगठनात्मक चुनावों पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। संसद भवन के भीतर प्रधानमंत्री कार्यालय में गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महामंत्री  बीएल संतोष के बीच हुई बैठक को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही उत्तरप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा हुई।