मंडला जिले के अपर सत्र न्यायालय निवास ने बहुचर्चित दिलीप सिंह भदौरिया उर्फ बबलू पंडा हत्याकांड में अपना फैसला सुनाते हुए 7 मुख्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विद्वान न्यायाधीश प्रवीण कुमार सिन्हा ने साक्ष्यों और अभियोजन के तर्कों के आधार पर 15 अप्रैल को यह महत्वपूर्ण निर्णय दिया। जानकारी अनुसार घटना विगत वर्ष 12 अगस्त 2021 की है, जब बीजाडांडी थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर स्थित दशमेश ढाबे पर बबलू पंडा अपने साथियों के साथ बैठे थे। रात लगभग 9.30 बजे आरोपियों ने ढाबे के पिछले दरवाजे से प्रवेश कर पुरानी रंजिश और पैसों के लेनदेन को लेकर बबलू पंडा पर कट्टे और बंदूक से अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। न्यायालय ने आकाश सोनकर, रोहित सोनकर, अमित श्रीवास्तव, हनी उर्फ हिमांशु सोनकर, विशाल चक्रवर्ती, सौरभ सोनकर और सुखदेव उर्फ बाबा सोनकर को दोषी पाया। दोषियों को धारा 302 और 149 के तहत आजीवन कारावास के साथ अर्थदंड से भी दंडित किया गया है। मामले के 3 अन्य आरोपी नीरज सोनकर, कैलाश उर्फ दस्सू यादव और सुमित उर्फ सिद्धार्थ यादव को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया गया।