विदिशा - बात 7 मार्च सुबह की है जब संतोष अपने ऑटो से एक महिला को मेडिकल कॉलेज छोड़ने गया। संबंधित महिला वहां आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में काम करती है। आटो चालक के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर उस समय एंबुलेंस और अन्य वाहनों की भीड़ थी, जिससे अंदर तक वाहन ले जाना संभव नहीं था। ऐसे में उन्होंने महिला को गेट के पास ही उतार दिया। इसी बात पर महिला नाराज हो गई और आरोप है कि उसने अन्य लोगों को बुलाकर संतोष के साथ मारपीट की तथा अभद्र व्यवहार किया।

संतोष का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में ही शिकायत की, लेकिन वहां भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। उल्टा उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई, जिससे वह और अधिक आहत हो गए। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जहां उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। बावजूद इसके, संतोष का आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ और उन्हें न्याय नहीं मिला।उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन से भी इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की, लेकिन वहां से भी निराशा ही हाथ लगी। लगातार दर-दर भटकने और सुनवाई न होने की निराशा के चलते उन्होंने समाज के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त करने के लिए एक अनोखा रास्ता चुना।
संतोष ने मुक्तिधाम पहुंचकर अपना मुंडन कराया और इसे अपनी “प्रतीकात्मक मृत्यु” बताया। उन्होंने कहा कि जब एक जीवित व्यक्ति की कहीं सुनवाई नहीं होती, तो वह खुद को मृत समान महसूस करता है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे 13 दिनों तक मृत्यु संस्कार से जुड़ी सभी रस्में निभाएंगे, ताकि समाज और प्रशासन उनकी पीड़ा को समझ सके।