जल सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने वाला संतुलित और जनकल्याणकारी बजट : मंत्री श्रीमती उइके
भोपाल l लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट जल सुरक्षा, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाला है। बजट में बुनियादी आवश्यकताओं पर फोकस करते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता और जीवन गुणवत्ता में सुधार की स्पष्ट दिशा दिखाई देती है।
मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि केंद्रीय बजट जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को विकास के केंद्र में रखता है। जल आपूर्ति, स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं के माध्यम से नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम की दिशा में ठोस आधार प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना और सार्वजनिक सेवाओं पर उच्च पूंजीगत व्यय से जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलेगी, जिससे दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। सुरक्षित पेयजल और स्वच्छ पर्यावरण से स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार और स्वास्थ्य पर होने वाले व्यय में कमी जैसे सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि यह बजट गरीब, ग्रामीण आबादी, महिलाओं और बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। जल प्रबंधन और जनस्वास्थ्य को विकास की प्रक्रिया से जोड़ते हुए यह बजट एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



