राज्यमंत्री ने सोहावल ब्लाक के 103 किसानों को किया बीज वितरित
सतना l नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी रविवार को विकासखण्ड सोहावल में आयोजित बीज वितरण कार्यक्रम में शामिल हुई। कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती बागरी द्वारा सोहावल विकासखण्ड के अनुसूचित जाति, जनजाति तथा सामान्य वर्ग के 103 कृषकों को मसूर मिनीकिट का वितरण किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज प्रदान किया ताकि वे अधिक से अधिक उत्पादन प्राप्त करते हुए अपनी आय में वृद्धि कर सकें। राज्यमंत्री ने किसानों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, अनुभवों और सुझावों पर चर्चा की। राज्यमंत्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान हितैषी योजनाओं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्राकृतिक खेती प्रोत्साहन, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार तथा कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि कृषक सम्मान, समृद्धि और आत्मनिर्भरता को आधार बनाकर प्रदेश को कृषि प्रधान राज्य से कृषि उत्कृष्ट राज्य की दिशा में अग्रसर किया जाए। केबीके मझगवां के वैज्ञानिक अशोक शर्मा एवं पंकज शर्मा द्वारा कृषकों को रबी फसलों की उन्नत जानकारी एवं मिट्टी परीक्षण एवं नरवाई प्रबंधन संबंधी जानकारी दी गई। इस मौके पर जनपद अध्यक्ष राजेश रावत, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बराज, कृषि स्थाई समिति सभापति राम सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती शन्नो देवी अहिरवार, जनपद सदस्य प्रतिनिधि उपेंद्र शुक्ला, उप संचालक कृषि आशीष पाण्डेय, एसएडीओ राजललन बागरी, सोहावल के समस्त कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे।



