मैं आदेश देता हूं दुकानों को तोड़ डालो और कब्जा कर लो...?
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी भोपाल के जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने कोलार के ललिता नगर क्षेत्र में गुरुवार रात हुई दुकानों में तोड़फोड़ की घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि गोकुल डेयरी के संचालक आशीष मीणा अपने सहयोगियों के साथ देर रात दुकानों को क्षतिग्रस्त करने और उन पर कब्जा करने पहुंचा। जब स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध किया, तो आशीष मीणा ने अपने एक सहयोगी को फर्जी ‘रविन्द्र यति’ बनाकर कॉल करवाई, जिसमें यह कहा गया कि “मैं आदेश देता हूं कि दुकानों को तोड़ डालो और कब्जा कर लो, विरोध करने वालों को सबक सिखाओ।” जानकारी मिलने पर श्री रविन्द्र यति ने स्वयं आशीष मीणा से बात की, तो उसने गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसी अन्य व्यक्ति को रविन्द्र यति बताना प्रतिरूप द्वारा छल का अपराध है जो कि धोखाधडी की श्रेणी में आता है। मेरे नाम से भ्रम फैलाकर व्यापारियों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। भाजपा विश्व की सबसे बडी राजनैतिक पार्टी एवं जिलाध्यक्ष को बदनाम करने के लिए जानबूझकर किया गया है। यह अपराध माफी योग्य नहीं है, दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव कानून व्यवस्था और व्यापारी सुरक्षा के पक्ष में खड़ी है, और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अनिवार्य है।



