सतना l हिंदुओं को लालच देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से आपत्तिजनक साहित्य मिला है। साथ ही कुछ संदिग्ध खातों से लेन देन की भी पुष्टि हुई है। बताया जाता है कि आरोपी धारकुण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम झखौरा में मस्जिद का निर्माण भी करा रहे थे। 

 चार दिन पूर्व ग्रामीणों ने गांव में मस्जिद निर्माण को लेकर आपत्ति जताई थी, जिसको लेकर गांव में विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई थी। पुलिस ने बताया कि लालमन चौधरी उर्फ अब्दुल रहमान, विजय भारती उर्फ मोहम्मद उमर और दीनानाथ चौधरी उर्फ अब्दुला को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेशी किया जहाँ से तीनो आरोपियों को जेल भेज दिया गया।पंकज पाठक ने थाना पहुंचकर धर्मांतरण से संबंधित लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर थाना धारकुण्डी में धारा 299 भारतीय न्याय संहिता एवं मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मस्जिद के माध्यम से लोगों को लालच देकर या दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।