प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बच्चों के साथ किया विशेष मध्यान्ह भोजन
रीवा जिले भर में गणतंत्र दिवस समारोह परम्परागत हर्ष, उल्लास से मनाया गया। पूरे जिले में आन बान शान से तिरंगा लहराया। मुख्य समारोह एस.ए. एफ. मैदान रीवा में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल मंत्री ग्रामीण विकास विभाग एवं श्रम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह के बाद गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री पटेल शा. उमावि बदरावं में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोजन में शामिल हुये। उन्होंने बच्चों के साथ विशेष मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी। प्रभारी मंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपित करके पौधारोपण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, डॉ अजय सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा, शिक्षकगण तथा विद्यार्थी शामिल हुए।



