जनता की अपेक्षा के अनुरूप विकास के सभी कार्य होंगे पूरे- लोक निर्माण मंत्री मंत्री श्री सिंह
जबलपुर l लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज शनिवार को जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 14 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। श्री सिंह ने कार्यक्रमों को संबोधित करते हुये कहा कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विकास की यात्रा न केवल जारी रहेगी बल्कि इसमें और गति आयेगी। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने भूमिपूजन और लोकार्पण के कार्यक्रमों को अपने संबोधन में विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम में हुये विकास कार्यों की जानकारी देते हुये कहा कि क्षेत्र की जनता ने जो मांगा वे सभी और जो नहीं मांगा के विकास के वे कार्य भी पूरे किये जा रहे हैं। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने नागरिकों को निर्माण कार्यों की सौगात मिलने पर बधाई देते हुये कहा कि पिछले ढाई वर्षों के दौरान निर्माण और विकास के जितने कार्य इस क्षेत्र में हुये हैं शायद ही प्रदेश के किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र में कभी हुये हों। उन्होंने कहा कि जनता कहे या न कहे विकास के कार्य होते रहेंगे। विकास की उनकी जिद और जुनून है और वे इस जिद और जुनून को पूरा करते रहेंगे। जो विकास की धारा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में प्रवाहित हो रही है वो सभी वार्डों में सामान रूप से पहुंचेगी। श्री सिंह ने कहा कि जो विकास कार्य पूरे प्रदेश में कहीं नहीं हुए हैं उन विकास कार्यों को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से प्रारंभ किया जायेगा। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रमों में बताया कि गौरीघाट में माँ नर्मदा के तट पर भव्य और सुंदर घाटों का विकास किया जा रहा है। देश भर में माँ नर्मदा के तट पर यह पहले ऐसे घाट होंगे जिसे दूर-दूर से लोग देखने आएंगे। करीब 500 करोड़ रुपये से सरयू के तट की तर्ज पर विकसित किये जाने वाले माँ नर्मदा के घाटों का भूमिपूजन आने दो या तीन माह में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे। श्री सिंह ने मांडवा बस्ती में लगभग बनकर तैयार हो चुके 100 बिस्तरों का सर्वसुविधा युक्त अस्पताल की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जल्दी ही इस अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में तीन और फ्लाईओवर स्वीकृत किये गये हैं। इनमें सगड़ा के फ्लाई ओवर का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि साईं मंदिर ग्वारीघाट से आदि शंकराचार्य चौक के समीप तक बनने वाले फ्लाईओवर का भूमिपूजन शीघ्र होगा। लोक निर्माण मंत्री ने विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन की शुरुआत गुरुद्वारा गोरखपुर के समीप गोरखपुर चौराहे पर 10 लाख 30 हजार रुपये से निर्मित खंडा साहब का लोकार्पण कर की। उन्होंने यहाँ गुरु तेग बहादुर मार्ग का लोकार्पण भी किया। इसके पहले उन्होंने गुरुद्वारा में मत्था टेका और लोगों की सुख एवं समृद्धि की अरदास की। महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू भी इस अवसर पर उनके साथ थे उनके साथ थे। श्री सिंह ने इसके बाद शंकरशाह वार्ड की सत्यानन्द विहार कॉलोनी में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत 67 लाख रुपये से बनने वाली 10 लाख लीटर क्षमता की पानी की टँकी की आधार शिला रखी तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड के अंतर्गत मांडवा बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में 2 करोड़ 81 लाख रुपये से बनने वाली 6 सड़कों का भूमिपूजन किया। उन्होंने शहीद गुलाब सिंह वार्ड के अंतर्गत शंकरशाह नगर कॉलोनी में 4 करोड़ 46 लाख रुपये से हुये मार्ग उन्नयन एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण किया तथा आजाद पार्क के 52 लाख रुपये से हुये सौंदर्यीकरण के कार्य का भूमिपूजन, चन्द्रशेखर आजाद उद्यान के 51 लाख 60 हजार रुपये से हुये सौंदर्यीकरण के कार्य का लोकार्पण किया तथा शक्तिनगर के पास 65 लाख रुपये से बनने वाले नाला एवं सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने शहीद गुलाब सिंह वार्ड में ही दानव बाबा कॉलोनी में 8 लाख 71 हजार रुपये से बनी सड़क का एवं साकार हिल्स कॉलोनी में 23 लाख 43 हजार रुपये से बनी नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने गुप्तेश्वर वार्ड में अमृत 2.0 योजना के तहत 77 लाख 57 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 12 लाख 50 हजार लीटर क्षमता की पानी की टँकी के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया और 59 लाख 70 हजार रुपये के भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का लोकार्पण किया। श्री सिंह ने गिरिराज किशोर कपूर वार्ड में 12 लाख 78 हजार रुपये एवं 7 लाख रुपए से बनी सी सी रोड एवं 12 लाख 78 हजार रुपये से डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया तथा बाबूराव परांजपे वार्ड में मिलन कॉलोनी में मार्गों के 7 लाख 37 लाख से हुये डामरीकरण के कार्य, 14 लाख 94 हजार रुपये के बाउंड्री एवं पेवर ब्लॉक, सतनाम टावर के बाजू से अखाड़ा तक 23 लाख 87 लाख रुपये से बनी सी सी रोड एवं हीरानी जी के घर से आँचल अपार्टमेन्ट होते हुये श्रद्धा सबुरी तक 12 लाख 78 हजार रुपये से बनी सी सी रोड का लोकार्पण किया। लोक निर्माण मंत्री ने गौरीघाट वार्ड के अंतर्गत कालीमाई मंदिर से नर्सरी तक 10 लाख 48 लाख रुपये से बनी सीसी रोड का लोकार्पण किया। विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के इन कार्यक्रमों में भाजपा के नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, श्री अभय सिंह ठाकुर, श्री पंकज दुबे, क्षेत्र के पार्षद एवं मंडल अध्यक्ष भी मौजूद थे। मंत्री श्री सिंह ने किया खंडा चौक एवं गुरु तेग बहादुर जी मार्ग का लोकार्पण लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने गोरखपुर में खंडा चौक एवं श्री गुरु तेग बहादुर जी मार्ग का लोकार्पण किया। इस अवसर पर गोरखपुर गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका तथा क्षेत्र के सभी नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। कार्यक्रम में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह जी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर जी, जिला उपाध्यक्ष श्री अभय सिंह जी, जिला महामंत्री श्री पंकज दुबे जी, स्थानीय मंडल अध्यक्ष, पार्षद एवं कार्यकर्ताओं के साथ गणमान्य जन उपस्थित थे।


