छिंदवाडा़ -77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउण्ड छिंदवाड़ा में पूरी गरिमा, उमंग और हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया । प्रदेश के लोक निर्माण विभाग और छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली । प्रभारी मंत्री श्री सिंह के राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही पुलिस परेड ग्राउण्ड जन-गण-मन अधिनायक.... की गूंज से गुजांयमान हो उठा। प्रभारी श्री सिंह ने खुली जीप में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडेय एवं परेड कमांडर श्री आशीष तिवारी के साथ परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। जिसके बाद मंत्री श्री सिंह ने प्रदेश की जनता के नाम प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर उन्होंने नील गगन में हर्ष और खुशी के प्रतीक रंगीन गुब्बारे छोड़े। समारोह में हर्ष फायर एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत की गई। मार्च पास्ट के बाद सभी 11 प्लाटून कमांडर से परिचय प्राप्त किया। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा जिले के वीर अमर शहीदों के परिजनों का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से वंदन, अभिनंदन भी किया गया।

 

व्यायाम प्रदर्शन एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुई प्रस्तुतियां - मुख्य समारोह में 2 स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा व्यायाम प्रदर्शन और 5 शैक्षणिक संस्थाओं/स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा मनोहारी वेशभूषा में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। फर्स्ट स्टेप हायर सेकंडरी स्कूल छिंदवाड़ा और पोडार इंटरनेशनल स्कूल छिंदवाड़ा के विद्यार्थियों ने शारीरिक गतिविधियों और स्वास्थ्य शरीर के महत्व को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करते हुए व्यायाम का सामूहिक प्रदर्शन किया।

       स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा देश भक्ति से ओत - प्रोत, आकर्षक वेशभूषा में मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं। जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी के विद्यार्थियों ने बुंदेलखंड का बधाई नृत्य करते हुए कलाबाजी, स्फूर्ति और संतुलन का प्रदर्शन किया गया। अरिहंत इंटरनेशनल एकेडमी के विद्यार्थियों ने एक तेरा नाम है सांचा ....गाने पर नृत्य प्रस्तुति द्वारा भारत माता की अनंत ममता के प्रति कृतज्ञता की प्रस्तुति दी। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तामिया के विद्यार्थियों ने सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी...गाने पर ओजस्वी प्रस्तुति दी। शासकीय सांदीपनि विद्यालय गुरैया के विद्यार्थियों ने मेरे भारत का संविधान, बड़ा महान गाने पर लोकनृत्य प्रस्तुत किया और संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठ भूमि पर प्रकाश डाला। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा की छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर पर केंद्रित हृदय स्पर्शी एवं मार्मिक प्रस्तुति दी।

 

सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रमों के विजेता हुए पुरस्कृत- गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में सर्वश्रेष्ठ व्यायाम प्रदर्शन के लिए फर्स्ट स्टेप स्कूल छिंदवाड़ा के विद्यार्थियों को प्रथम पुरस्कार और पोडार इंटरनेशनल स्कूल छिंदवाड़ा के विद्यार्थियों को व्दितीय पुरूस्कार से सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा की छात्राओं ने प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तामिया के विद्यार्थियों ने द्वितीय और शासकीय सांदीपनि विद्यालय गुरैया के विद्यार्थियों को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी को सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।

 

13 विभागों ने झांकियों के माध्यम से किया शासन की कल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन- गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिले के लगभग 13 विभागों द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों का झांकियों के माध्यम से आकर्षक और जीवंत प्रदर्शन किया। जल संसाधन विभाग ने मांडवा होज सिंचाई प्रणाली पर, स्वास्थ्य विभाग ने कन्या भ्रूण हत्या प्रतिषेध अधिनियम " बेटी बचाओ अभियान" पर, शिक्षा विभाग ने विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए स्टेम और आधुनिक शिक्षा पद्धतियों के समावेश पर, वन विभाग ने हरित भविष्य की ओर वन विभाग के साथ थीम पर, महिला एवं बाल विकास विभाग ने आत्म निर्भर बेटी सशक्त भारत की पहचान थीम पर, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने प्राकृतिक खेती से समृद्ध किसान, समृद्ध मध्यप्रदेश थीम और नरवाई प्रबंधन पर, उद्यानिकी विभाग ने जिले में फूलों की खेती को बढ़ावा, मत्स्योद्योग विभाग ने मॉडल बायो फ्लॉक तकनीक पर आधारित आधुनिक मछली पालन प्रणाली पर, नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा ने अटल मिशन फॉर रिजुवनेशन एवं अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन अंतर्गत जल प्रबंधन कार्य पर, जनजातीय कार्य विभाग ने जड़ों से विकास तक थीम पर, पुलिस विभाग ने आधुनिक भारत की पहचान - सुरक्षित एवं स्मार्ट यातायात थीम पर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने स्वच्छ ग्राम सुजल ग्राम की परिकल्पना पर आधारित वॉश ऑन व्हील्स प्लस, मां की बगिया, पीएम जनमन आवास अन्तर्गत बल्क मटेरियल संबंधी नवाचार पर और राज्य आजीविका मिशन द्वारा लखपति दीदी की ओर बढ़ते कदम, जिले में महुआ के फूलों से कुकीज़ निर्माण के नवाचार, मोती की खेती आदि का प्रदर्शन झांकियों के माध्यम से किया गया। जिसमें कृषि विभाग की झांकी को प्रथम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की संयुक्त झांकी को द्वितीय तथा जनजातीय कार्य विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्रदाय किया गया।