अशोक नगर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रबी सीजन हेतु उर्वरक वितरण व्‍यवस्‍था के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कृषि, सहकारिता, जिला विपणन और संबंधित विभागों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में रबी सीजन हेतु उर्वरक की व्‍यवस्‍थाएं व्‍यवस्थित हों। जिससे जिले में आवश्‍यकतानुसार उर्वरकों का भण्‍डारण कर व्‍यवस्थित कृषकों को वितरण का कार्य किया जाए। समितियों में प्रदाय उर्वरक समिति स्‍तर पर भण्‍डारित कर सदस्‍य कृषकों को प्रदाय किया जाए। उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की शिकायत न हो यह सुनिश्चित किया जाए। समितियों द्वारा पात्र कृषकों को समितियों का सदस्‍य बनाने का अभियान चलाया जाए। सबसे अधिक सदस्‍य बनाने वाली समितियों को पुरूस्‍कृत किया जायेगा। उर्वरक के स्‍टॉक का मिलान पीओएस मशीन से होना चाहिए। वितरण उपरांत आवश्‍यकतानुसार उर्वरकों की मांग की जाए। होल सेलर उर्वरक निजी विक्रेताओं को भी प्राप्‍त उर्वरक कृषकों को नियमानुसार प्रदाय किये जाने हेतु निर्देशित किया।उन्‍होंने नरवाई प्रबंधन के संबंध में निर्देशित किया कि सुपर सीडर एवं हैप्‍पी सीडर यंत्रों के प्रति किसानों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। जिससे जिले में नरवाई प्रबंधन की कार्यवाही बेहतर तरीके से हो सके। उन्‍होंने सहायक यंत्री कृषि अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि पंजीकृत कृषकों को तत्‍काल सुपर सीडर एवं हैप्‍पी सीडर यंत्र प्रदाय किये जाए। कृषि विस्‍तार अधिकारी नरवाई प्रबंधन के विषय में जागरूक करें। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु संबंधित विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों को समय सीमा में पूर्ण करने हेतु कृषि,उद्यानिकी,पशुपालन,मत्‍स्‍य,सहकारिता को निर्देश दिए गए। बैठक में आत्‍मा परियोजना एवं नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फॉर्मिंग के वार्षिक लक्ष्‍यों पर भी चर्चा की गई एवं आवश्‍यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन,अपर कलेक्‍टर श्री डी.एन.सिंह,उप संचालक कृषि श्री अमित भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही समस्‍त एसडीएम,तहसीलदार ने गूगल मीट से जुडकर भाग लिया।