भोपाल के चिनार ड्रीम सिटी में सामने आई एक गंभीर लापरवाही ने 77 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली। पॉश कॉलोनी की लिफ्ट तकनीकी खामी के चलते सीधे लिफ्ट डक्ट में जाकर खुल गई, जिससे बुजुर्ग उसी में उतर गए। इसके बाद लिफ्ट संभवतः ऊपर चली गई और बुजुर्ग डक्ट में फंस गए। आरोप है कि लगातार आठ दिन तक लिफ्ट का संचालन होता रहा, जिससे बुजुर्ग का शरीर डक्ट में पड़ा रहा और सड़ता रहा। आठ दिन बाद तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई, तब जाकर शव को सड़ी-गली हालत में बाहर निकाला गया।मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सोसायटी प्रबंधन के बयान दर्ज किए जाएंगे। प्रबंधन का तर्क है कि लिफ्ट पहले से खराब थी और बदबू आने के बाद ही टेक्नीशियन को बुलाया गया था। पुलिस का कहना है कि कॉलोनी के बिल्डर से भी पूछताछ की जाएगी, क्योंकि लिफ्ट बिल्डर द्वारा ही लगवाई गई थी। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते तकनीकी खामी दूर कर दी जाती, तो यह हादसा टल सकता था। यहां पांच साल से CCTV बंद थे l इतना ही नहीं राजधानी में बिल्डरों की कई कवर्ड कॉलोनियों में अधिकांश सीसीटीवी कैमरे बंद ही रहते हैं l वहीं यहां किराए से रह रहे लोगों का किरायानामा तक नहीं कराया जाता और ना ही यहां काम कर रहे मजदूरों का पुलिस वेरिफिकेशन ही होता है l सब रामभरोंसे चल रहा है, ना कोई देखने वाला है,और ना ही सुनने वाला है l