पुलिस कांस्टेबल परीक्षा देने गई लड़की अचानक हुई लापता ! अब तक नहीं लगा कोई सुराग
सागर : सुरखी के ग्राम खमकुआ से एक युवती रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है। जानकारी के अनुसार, युवती सपना अहिरवार, 26 नवंबर को पुलिस कांस्टेबल परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने सुरखी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है l परिजनों का आरोप है कि बिलहरा ग्राम के रहने वाले विकास अहिरवार और कमलेश अहिरवार कई बार उनकी बेटी को परेशान कर चुके हैं और युवती ने ये बात घर पर भी बताई थी। परिजनों के अनुसार, युवती के गायब होने के दिन से ही ये दोनों युवक भी लापता हैं। इस कारण शक है कि उनकी बेटी को यही लोग जबरन अपने साथ ले गए हैं।सुरखी थाना पुलिस ने युवती की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। हालांकि, पांच दिन बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिला है।



