यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करना है तो इस क्विज कांटेस्ट में लीजिए हिस्सा
सागर l मेरा युवा भारत (माय भारत) सागर के उपनिदेशक रोहित यादव ने बताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने एवं आम बजट के प्रति उनकी समझ को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत पोर्टल पर ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का शुभारंभ 3 फरवरी 2026 से किया गया है। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन क्विज़ आयोजित की जा रही है, जो आम बजट पर आधारित होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक युवा 17 फरवरी 2026 तक माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। क्विज़ में बजट से संबंधित कुल 30 प्रश्न पूछे जाएंगे।
प्रथम चरण में चयनित प्रतिभागियों को 17 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक दूसरे दौर में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिसमें निबंध लेखन कराया जाएगा। युवाओं को ‘विकसित भारत’ के विज़न से जुड़े बजट आधारित 8 विषयों में से किसी एक विषय पर निबंध लिखना होगा। इसके पश्चात 10 मार्च 2026 को प्रदेश एवं केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर मेरिट सूची जारी की जाएगी। चयनित विजेताओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से ‘विकसित भारत बजट’ के विज़न पर संवाद करने का विशेष अवसर प्राप्त होगा। अतः जिले के अधिक से अधिक युवाओं से अपील है कि वे इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लें। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण के लिए माय भारत पोर्टल के लिंक https://mybharat.gov.in/quiz पर विज़िट किया जा सकता है।



