धार l फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर इनकम टैक्स अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने ठेकेदार के घर में रेड का डर दिखाकर करीब 82 लाख रुपये कीमत का सोना और नगदी लूट ली।महज 15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम इस तरह है l सुबह करीब 9:40 बजे बाग के ब्राह्मण मोहल्ला में ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर पर रेड हुई। इस दौरान बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो में सवार होकर पांच बदमाश घर पहुंचे। इनमें से दो बदमाश खाकी वर्दी में थे, जबकि तीन सिविल ड्रेस में थे। घर में घुसते ही उन्होंने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया।बदमाशों ने घरवालों से कहा कि उनके खिलाफ ब्लैक मनी रखने की शिकायत मिली है। इसके बाद उन्होंने घर में तलाशी शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्होंने घर की अलमारी की चाबियां मांगीं। पहले कृष्णा मालवीय ने चाबियां देने से इंकार किया लेकिन जांच में सहयोग करने के उद्देश्य से राजकुमार मालवीय ने चाबियां सौंप दीं। बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे करीब 50 तोला सोने के जेवरात, ढाई से तीन लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन निकाले और उन्हें लेकर फरार हो गए।आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की थी और उसके बाद ही वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिना नंबर की स्कॉर्पियो और वर्दीधारी बदमाशों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।