पंजाब के एसबीआई सादिक शाखा में 100 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा करने वाले बाबू को पंजाब पुलिस ने मथुरा की राधा वैली कॉलोनी से गिरफ्तार किया है। कुछ ग्राहकों ने लेन-देन से संबंधित गड़बड़ियों की शिकायत की थी। जांच में पता चला कि 130 ग्राहकों के खातों से अनधिकृत रूप से करीब 100 करोड़ रुपये की धनराशि बाबू अमित ढींगरा द्वारा निकाली गई है। इसके बाद उप प्रबंधक ने अमित के खिलाफ सादिक थाने में करीब दस लाख रुपये का फर्जीवाड़ा करने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उप प्रबंधक ने बैंक से करीब 100 करोड़ रुपये की हेराफेरी होने की आशंका जताई है। फिलहाल बैंक उप प्रबंधक अपने स्तर से भी मामले की जांच करा रहे हैं। इधर, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पंजाब पुलिस राधा वैली में आ धमकी। पुलिस को देख वह नौंवी मंजिल से खिड़की पर लटक गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। राधा वैली में  हाईवोल्टेज ड्रामा चला। इसके बाद पंजाब पुलिस ने हाईवे थाने की पुलिस के साथ ही अग्निशमन दल को भी बुलाया गया। बाद में अमित को गिरफ्तार किया।