वीरांगना रानी दुर्गावती का पराक्रम प्रेरणादायी है - मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके
मंडला l वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर रेवांचल पार्क के सामने सर्किट हाउस चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा, पूर्व विधायक श्री देवसिंह सैयाम तथा श्री शिवराज शाह ने माल्यार्पण किया।
मंत्री श्रीमती उईके ने इस अवसर पर कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती ने अपने युद्ध कौशल के जरिये मुगलों की सेना के दांत खट्टे कर दिए थे। वीरांगना रानी दुर्गावती का यह पराक्रम प्रेरणादायी है। आज हमारी युवा पीढ़ी उनके शौर्य को पढ़कर प्रेरित होती है। इतिहास गवाह है कि रानी दुर्गावती ने मुगल शासकों के द्वारा दिए गए लोभ-लालच में नहीं पड़ीं। मुगल आक्रांताओं के आक्रमण का उन्होंने वीरता से मुकाबला किया। महिला होकर जिस शौर्य से वह युद्ध के मैदान में उतरी यह हमारे लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती के 500वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरांगना रानी दुर्गावती के स्मारक बनाये जाने की घोषणा की। उनकी 52 फीट की अष्टधातु मूर्ति भी लगाई जाएगी। उन्होंने रविवार को इस कार्यक्रम में शामिल होने 6 राज्यों से आये जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि मण्डला की यह पावन भूमि वीर योद्धाओं की भूमि है। राजा हृदयशाह, दलपत शाह, शंकर शाह और रघुनाथ शाह जैसे संघर्षशील वीरों ने यहाँ जन्म लिया है।
मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि हमारी सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। वन अधिकार कानून तथा पेसा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन से जनजातीय समुदाय लाभान्वित हो रहा है। केंद्र और प्रदेश की सरकार मिलकर जनजातीय समाज के कल्याण के लिए योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती का नाम माँ दुर्गा के नाम पर था, उनका शौर्य भी अपने नाम को चरितार्थ करने वाला रहा। राष्ट्रहित और समाज हित में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाली ऐसी वीरांगना का पराक्रम अनुकरणीय है। उन्होंने पर्यावरण तथा जल संरक्षण के लिए जो कार्य किये वह अपने आप में अद्वितीय रहे। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने भी इस अवसर पर कहा कि युवा पीढ़ी को हमारे वीरों और वीरांगनाओं के बारे में पढ़ना चाहिए। इस दौरान रानी दुर्गावती महिला संगठन गढ़ा मण्डला की ओर से संगठन की अध्यक्ष श्रीमती श्रृद्धा उईके कवरेती के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री मनोज भास्कर, उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री रोहित बड़कुल, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, एसीईओ जिला पंचायत श्री विनोद मरावी, सहायक संचालक जनजातीय कार्य श्री रंजीत गुप्ता, सहायक परियोजना अधिकारी श्री कपिल तिवारी सहित समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।



